बिहार सरकार की नई पहल: 80 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों के लिए घर बैठे होगी जमीन रजिस्ट्री
बिहार सरकार ने जमीन निबंधन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और बुजुर्गों के लिए सुविधाजनक बनाने की दिशा में नई पहल की है। अब 80 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को जमीन की रजिस्ट्री कराने के लिए निबंधन कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने होंगे।
पूर्णिया: बिहार सरकार ने जमीन निबंधन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और बुजुर्गों के लिए सुविधाजनक बनाने की दिशा में नई पहल की है। अब 80 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को जमीन की रजिस्ट्री कराने के लिए निबंधन कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने होंगे। विभागीय कर्मी स्वयं उनके घर पहुंचकर रजिस्ट्रेशन की पूरी प्रक्रिया पूरी करेंगे।
जिला निबंधन पदाधिकारी उमाशंकर मिश्रा ने बताया कि राज्य सरकार की “सबका सम्मान, जीवन आसान” पहल के तहत यह सुविधा शुरू की जा रही है। इसके लिए विभागीय स्तर पर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक लॉगिन आईडी उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने बताया कि पात्र बुजुर्ग के आवेदन करने के बाद निबंधन कार्यालय की टीम उनके घर पहुंचेगी और दस्तावेजों के सत्यापन, ई-चालान तथा जमीन निबंधन की पूरी प्रक्रिया वहीं संपन्न करेगी।
स्थानीय लोगों ने सरकार की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इससे बीमार, असहाय और वृद्ध नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्हें बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, जिससे समय और परेशानी दोनों की बचत होगी।
सरकार का मानना है कि इस व्यवस्था से न केवल वरिष्ठ नागरिकों को सुविधा मिलेगी, बल्कि जमीन निबंधन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सरल और नागरिक हितैषी भी बनाया जा सकेगा।
dhananjaykumarroy